‘चार को मार दिया’: INDIA ब्लॉक की रैली के दौरान वायरल हुआ फर्जी वीडियो, बांग्लादेश की हिंसा के फुटेज को दिल्ली का बताकर फैलाया
नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को हुई INDIA ब्लॉक की ‘चलो दिल्ली’ रैली के दौरान सोशल मीडिया पर फर्जी वीडियो साझा कर अफवाह फैलाने का मामला सामने आया है। वायरल वीडियो में दावा किया गया कि दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की, जिसमें चार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौत हो गई और 10 लोग घायल हुए। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इस दावे को पूरी तरह फर्जी बताते हुए स्पष्ट किया कि वीडियो का दिल्ली में हुई किसी घटना से कोई संबंध नहीं है।
दिल्ली पुलिस ने 2 नवंबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर फैक्ट चेक जारी कर बताया कि वायरल वीडियो बांग्लादेश का है। पुलिस ने लोगों से फर्जी खबरें नहीं फैलाने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि भ्रामक और नुकसानदेह जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ साइबर कानूनों और अन्य संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है।
फैक्ट चेक में सामने आया कि वायरल फुटेज का संबंध बांग्लादेश के ढाका स्थित मीरपुर इलाके में कपड़ा श्रमिकों के प्रदर्शन के दौरान हुई घटनाओं से है। वहां श्रमिकों और पुलिस के बीच झड़पों के दृश्य को दिल्ली में हुई कथित पुलिस फायरिंग बताकर साझा किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि सोशल मीडिया पर वायरल कुछ अन्य वीडियो पुराने आयोजनों के थे, जिन्हें 1 नवंबर की रैली से जोड़कर पेश किया गया।
इस दौरान रैली में भारी भीड़ दिखाने के लिए पुराने वीडियो और एआई से तैयार तस्वीरें भी साझा की गईं। एक वीडियो को दिसंबर 2025 में हुई कांग्रेस की रैली का पाया गया, जबकि कुछ अन्य भीड़ वाले दृश्य अर्जेंटीना में 2022 के फुटबॉल विश्व कप जीतने के बाद हुए जश्न के थे।
दिल्ली पुलिस ने फर्जी वीडियो साझा करने वाले कई सोशल मीडिया हैंडल की निगरानी शुरू की है। पुलिस का कहना है कि भ्रामक सामग्री फैलाने वालों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)