दिल्ली: मतदाता सूची में नाम जुड़वाने का आज आखिरी मौका, फॉर्म-6 से ऑनलाइन और ऑफलाइन कर सकेंगे आवेदन
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत नाम शामिल कराने के लिए आवेदन करने का बुधवार, 25 नवंबर को अंतिम मौका है। निर्वाचन आयोग ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे मसौदा मतदाता सूची में अपना नाम जांच लें। यदि किसी योग्य मतदाता का नाम सूची में नहीं है, तो वह फॉर्म-6 भरकर नाम शामिल कराने का दावा कर सकता है।
निर्वाचन आयोग के संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की समयसीमा 25 नवंबर तक निर्धारित की गई है। आवेदन ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से किया जा सकता है। ऑनलाइन आवेदन निर्वाचन आयोग के वोटर्स सर्विस पोर्टल और ECINET मोबाइल ऐप के जरिए जमा किए जा सकते हैं। वहीं, ऑफलाइन आवेदन संबंधित निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (ERO), सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी (AERO), बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) या निर्धारित मतदान केंद्रों पर जमा कराए जा सकते हैं।
फॉर्म-6 उन पात्र नागरिकों के लिए है, जो पहली बार मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना चाहते हैं या जिनका नाम मसौदा सूची में शामिल नहीं है। एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले पात्र नागरिक भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के साथ निर्धारित घोषणा-पत्र और जरूरी दस्तावेज जमा करने होंगे।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, 25 नवंबर तक प्राप्त दावों और आपत्तियों का निपटारा 15 दिसंबर तक किया जाएगा। इसके बाद दिल्ली की अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। ऐसे में पात्र मतदाताओं के लिए जरूरी है कि वे समयसीमा समाप्त होने से पहले अपना नाम जांचकर आवश्यक आवेदन कर दें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)