महुअन टोल पर फर्जी आईकार्ड का खेल बेनकाब, 600 संदिग्ध कार्ड जब्त; पुलिस, सेना और मीडिया के नाम पर टोल बचाने का आरोप
गोपाल जी चतुर्वेदी
मथुरा। टोल टैक्स बचाने के लिए किसी ने पुलिस का रौब दिखाया तो किसी ने सेना, सांसद और विधायक के नाम का पहचान पत्र पेश किया। कुछ वाहन चालक मीडिया से जुड़े होने का दावा कर टोल शुल्क देने से बचते रहे। आगरा-दिल्ली हाईवे स्थित महुअन टोल प्लाजा पर ऐसे मामलों की जांच के लिए चलाए गए दो दिवसीय विशेष अभियान में करीब 600 फर्जी और संदिग्ध आईकार्ड जब्त किए गए हैं। टोल प्रबंधन ने संबंधित वाहन चालकों को नोटिस भेजकर जवाब मांगने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
टोल प्रबंधन के मुताबिक, लंबे समय से पहचान पत्रों की आड़ में टोल शुल्क से बचने की शिकायतें मिल रही थीं। कुछ लोग खुद को आईपीएस अधिकारी, पुलिसकर्मी, सेना का अधिकारी, जनप्रतिनिधि या मीडिया कर्मी बताकर मुफ्त में टोल पार करने का प्रयास कर रहे थे। मासिक समीक्षा के दौरान ऐसे वाहनों की संख्या बढ़ने का मामला सामने आने के बाद सोमवार और मंगलवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान कई वाहन चालक अपने पहचान पत्रों की वैधता और उन्हें जारी करने वाली संस्था के बारे में संतोषजनक जानकारी नहीं दे सके। संदेह के आधार पर करीब 600 कार्ड जब्त किए गए। इसके साथ ही ऐसे वाहनों को भी चिह्नित किया गया है, जिनके चालकों पर संदिग्ध पहचान पत्रों के सहारे टोल पार करने का आरोप है।
अभियान के दौरान कुछ वाहन चालकों और टोल कर्मचारियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। टोल शुल्क में छूट नहीं मिलने पर कई जगह बहस की स्थिति बनी, जिससे कुछ समय के लिए अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
टोल प्लाजा मैनेजर ओकिल शर्मा के अनुसार, संबंधित वाहन चालकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जा रहा है। संदिग्ध वाहनों के नंबर सभी टोल बूथों पर साझा कर दिए गए हैं, ताकि भविष्य में ऐसे पहचान पत्र दिखाकर टोल पार करने की कोशिश को रोका जा सके।
इस कार्रवाई के बाद एक अहम सवाल भी सामने आया है कि पुलिस, सेना, सांसद, विधायक और मीडिया जैसी संस्थाओं व पदों के नाम पर कथित फर्जी पहचान पत्र आखिर कहां तैयार किए गए और उनका इस्तेमाल किन लोगों ने किया? केवल कार्ड जब्त करना पर्याप्त होगा या इनके स्रोत और इस्तेमाल की भी विस्तृत जांच की जाएगी? फिलहाल टोल प्रबंधन की ओर से नोटिस की कार्रवाई शुरू की गई है।
वर्दी, पद और प्रेस की पहचान टोल शुल्क से बचने का अधिकार नहीं देती।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)