उत्तराखंड: हरिद्वार की खानपुर या लक्सर सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं हरीश रावत, बोले- नेतृत्व चाहेगा तो मैदान में उतरूंगा

Wednesday, November 18, 2026 - 13:39
0
उत्तराखंड: हरिद्वार की खानपुर या लक्सर सीट से चुनाव लड़ना चाहते हैं हरीश रावत, बोले- नेतृत्व चाहेगा तो मैदान में उतरूंगा

देहरादून। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में उतरने की इच्छा जाहिर की है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व चाहेगा तो वह चुनाव लड़ेंगे। रावत ने हरिद्वार जिले की खानपुर और लक्सर विधानसभा सीट या आसपास की किसी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।

दिल्ली से लौटने के बाद हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के दौरान चुनाव लड़ने को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव लड़ने या न लड़ने का फैसला प्रदेश कांग्रेस को करना है। खानपुर और लक्सर क्षेत्र के लोग चाहते हैं कि वह एक बार उनका प्रतिनिधित्व करें।

रावत ने कहा कि उन्हें किसी पद की महत्वाकांक्षा नहीं है। यदि पार्टी उन्हें चुनाव लड़ने के लिए नहीं कहती है, तब भी वह कांग्रेस को सत्ता में वापस लाने के लिए पूरी मेहनत करेंगे। उन्होंने राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने उत्तराखंड में पार्टी को मजबूत करने और आगामी विधानसभा चुनाव में कम से कम 45 सीटें जीतने का रोडमैप भी रखा है।

इससे पहले भी रावत खानपुर सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जता चुके हैं। फिलहाल खानपुर से निर्दलीय विधायक उमेश कुमार प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। हरीश रावत की ताजा टिप्पणी के बाद 2027 के विधानसभा चुनाव में उनकी संभावित भूमिका और सीट को लेकर चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, उनकी उम्मीदवारी पर अंतिम फैसला कांग्रेस नेतृत्व ही करेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User