रेलवे ग्रुप डी भर्ती विवाद: प्रयागराज पहुंची रेलवे बोर्ड की उच्चस्तरीय समिति, 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से वार्ता शुरू

Thursday, November 26, 2026 - 13:42
0
रेलवे ग्रुप डी भर्ती विवाद: प्रयागराज पहुंची रेलवे बोर्ड की उच्चस्तरीय समिति, 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से वार्ता शुरू

रेलवे ग्रुप डी भर्ती (सीईएन 08/2024) में कथित विसंगतियों और कटऑफ अंकों को लेकर अप्रेंटिस अभ्यर्थियों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। दिल्ली कूच और प्रदर्शन की चेतावनी के बाद रेलवे बोर्ड ने पहल करते हुए उच्चस्तरीय समिति प्रयागराज भेजी है। गुरुवार को नवाब यूसुफ रोड स्थित कोरल क्लब में समिति और अभ्यर्थियों के 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के बीच सीधी वार्ता शुरू हुई। इस बातचीत पर हजारों अभ्यर्थियों की निगाहें टिकी हैं।

दरअसल, कोर्स कंप्लीटेड एक्ट अप्रेंटिस (सीसीएए) अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में क्षैतिज आरक्षण के नियमों और कटऑफ अंकों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। उनका आरोप है कि चयन प्रक्रिया में अप्रेंटिस अभ्यर्थियों को मिलने वाले आरक्षण और मेरिट के लाभ का सही तरीके से पालन नहीं किया गया। इसी मुद्दे को लेकर अभ्यर्थियों ने पिछले दिनों उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, सूबेदारगंज के बाहर प्रदर्शन किया था।

प्रदर्शन के बाद रेलवे भर्ती प्रकोष्ठ (आरआरसी), प्रयागराज ने 18 नवंबर को नोटिस जारी कर अभ्यर्थियों के प्रत्यावेदनों को आवश्यक निर्देश के लिए रेलवे बोर्ड भेजने की जानकारी दी थी। इसके बावजूद अभ्यर्थियों ने दिल्ली जाकर प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। इसके बाद रेलवे बोर्ड ने उच्चस्तरीय समिति गठित कर प्रयागराज में वार्ता की पहल की।

अभ्यर्थियों ने बैठक के लिए सात सूत्रीय मांगपत्र तैयार किया है। इसमें सामान्य श्रेणी की ओपन मेरिट के बराबर या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले योग्य अप्रेंटिस अभ्यर्थियों को अनारक्षित सीटों पर चयन का अवसर देने और इस व्यवस्था को मौजूदा भर्ती से लागू करने की मांग शामिल है। इसके अलावा 20 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण के तहत पूर्व सैनिकों की खाली बची सीटों को योग्य अप्रेंटिस अभ्यर्थियों से भरने तथा तकनीकी भर्तियों में भी अप्रेंटिस अभ्यर्थियों के लिए आरक्षण देने की मांग उठाई गई है।

अभ्यर्थियों का कहना है कि रेलवे में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले उम्मीदवारों को भर्ती में नियमानुसार प्राथमिकता और उचित अवसर मिलना चाहिए। वहीं, रेलवे प्रशासन पहले भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार और पारदर्शी बता चुका है। अब उच्चस्तरीय समिति के साथ हो रही बातचीत से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि अभ्यर्थियों की मांगों पर रेलवे बोर्ड क्या रुख अपनाता है।

फिलहाल वार्ता जारी है और इसके नतीजे का इंतजार किया जा रहा है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User