एसपी पर लगाया था एक रुपये का जुर्माना, सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के जज को लगाई फटकार; कहा- न्यायिक कुर्सी पर बैठकर बाहुबली न बनें
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के सासाराम में तैनात जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश चतुर्थ अनिल कुमार की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई है। मामला रोहतास के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) रौशन कुमार को अदालत के आदेश का पालन नहीं करने पर दोषी ठहराने और उन पर एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाने से जुड़ा है। शीर्ष अदालत ने सुनवाई के दौरान न्यायिक अधिकारी को उनके अधिकार क्षेत्र और कानूनी प्रक्रिया की सीमाओं का ध्यान रखने की नसीहत दी। कोर्ट ने टिप्पणी की कि न्यायिक कुर्सी पर बैठकर बाहुबली बनने की कोशिश नहीं करनी चाहिए।
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ में न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना भी शामिल थे। पीठ न्यायाधीश अनिल कुमार की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उन्होंने पटना हाईकोर्ट की ओर से की गई टिप्पणियों को चुनौती दी थी। हाईकोर्ट ने एसपी के खिलाफ की गई कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए संबंधित रिकॉर्ड और रिपोर्ट तलब की थी।
मामले की शुरुआत एक आपराधिक मुकदमे में दिए गए फैसले से हुई थी। न्यायाधीश अनिल कुमार ने अपने आदेश में पुलिस को कथित तौर पर झूठी गवाही देने वाले व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया था। पुलिस की ओर से निर्धारित समय में कार्रवाई नहीं किए जाने पर उन्होंने तत्कालीन एसपी रौशन कुमार के खिलाफ अवमानना की कार्यवाही शुरू की। बाद में उन्हें दोषी ठहराते हुए एक रुपये का सांकेतिक जुर्माना लगाया गया। साथ ही पुलिस अधिकारी के सेवा रिकॉर्ड में अदालत की टिप्पणी दर्ज करने का निर्देश भी दिया गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान सवाल उठाया कि क्या एफआईआर दर्ज नहीं करना ऐसा अपराध माना जा सकता है, जो अदालत के सामने या उसकी मौजूदगी में हुआ हो। पीठ ने स्पष्ट किया कि अदालत में किसी को थप्पड़ मारना, दुर्व्यवहार करना या अदालत के निर्देश के बावजूद कक्ष से बाहर नहीं जाना जैसे कृत्य अलग श्रेणी में आते हैं। लेकिन अदालत के बाहर किसी आदेश का पालन नहीं करना अपने आप में अदालत के सामने किया गया अपराध नहीं माना जा सकता।
पीठ ने न्यायिक अधिकारी की कानूनी समझ और अधिकार क्षेत्र को लेकर भी सवाल उठाए। न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची ने उन्हें राष्ट्रीय न्यायिक अकादमी में प्रशिक्षण लेने की सलाह दी। अदालत ने कहा कि न्याय देने की मंशा के बावजूद न्यायिक अधिकारियों को निर्धारित कानूनी प्रक्रिया और अनुशासन का पालन करना जरूरी है।
सुप्रीम कोर्ट ने न्यायाधीश की याचिका का निपटारा करते हुए उन्हें पटना हाईकोर्ट के समक्ष अपना पक्ष रखने की स्वतंत्रता दी। शीर्ष अदालत ने हाईकोर्ट से उनके स्पष्टीकरण और माफी पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध भी किया। मामले ने एक बार फिर न्यायिक अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र और न्यायिक प्रक्रिया के पालन को लेकर चर्चा तेज कर दी है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)