गुजरात हादसा: कोटद्वार पहुंचे सातों पार्थिव शरीर, अपनों को अंतिम विदाई देने उमड़ा शहर

Monday, November 23, 2026 - 12:56
0
गुजरात हादसा: कोटद्वार पहुंचे सातों पार्थिव शरीर, अपनों को अंतिम विदाई देने उमड़ा शहर

गुजरात के कच्छ जिले में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के कोटद्वार के तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे में जान गंवाने वाले सातों लोगों के पार्थिव शरीर सोमवार को सेना के कौड़िया कैंप पहुंच गए। जैसे ही अपनों के पार्थिव शरीर कोटद्वार पहुंचे, परिजनों का दुख छलक पड़ा। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

मृतकों में गढ़वाल राइफल्स के नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और तीन महीने की बेटी शिविका शामिल हैं। इसके अलावा नायक राजेश सिंह रावत और उनकी सात वर्षीय बेटी रक्षिता की भी हादसे में मौत हुई। तीसरे परिवार से नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं और चार वर्षीय बेटी वामिका ने जान गंवाई। नितिन गुसाईं हादसे के समय ड्यूटी पर थे और सुरक्षित बताए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, तीनों परिवार गुजरात के कच्छ स्थित रण क्षेत्र घूमने गए थे। शनिवार रात भुज-खावड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर वेकरिया क्षेत्र के पास उनकी कार सामने से आ रहे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में सभी सात लोगों की मौत हो गई।

सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के लालपुर क्षेत्र में रहता था, जबकि राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ और नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढाक में रहता है। एक बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए शुरू हुआ सफर तीन परिवारों के लिए कभी न भूलने वाला दुख बन गया।

सेना के कौड़िया कैंप में परिजनों के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद पार्थिव शरीर उनके पैतृक आवास ले जाए जाएंगे। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, सातों का अंतिम संस्कार कोटद्वार के मुक्ति धाम में किया जाएगा। हादसे की खबर से पूरे शहर में शोक का माहौल है और लोग शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User