सीएपीएफ: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं, दिल्ली पुलिस ने व्हाट्सएप पर भेजा जवाब; अब वैकल्पिक जगहों पर होगा धरना
नई दिल्ली। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) के पूर्व जवानों के संगठन अलायंस ऑफ ऑल एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस वेलफेयर एसोसिएशन को जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं मिली है। संगठन ने 12 से 18 नवंबर 2026 तक सात दिन की सांकेतिक भूख हड़ताल और प्रदर्शन के लिए करीब 90 दिन पहले दिल्ली पुलिस से अनुमति मांगी थी। शुक्रवार को पुलिस की ओर से संगठन के महासचिव रणबीर सिंह को व्हाट्सएप पर जवाब मिला कि जंतर-मंतर पर धरना-प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जा सकती।
संगठन के मुताबिक, उसने इस प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी प्रधानमंत्री कार्यालय और केंद्रीय गृह मंत्रालय को भी दी थी। अनुमति नहीं मिलने के बाद अब प्रदर्शन का कार्यक्रम बदल दिया गया है। संगठन 12 और 18 नवंबर को प्रेस क्लब ऑफ इंडिया के निकट केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशन के पास प्रदर्शन करेगा। वहीं, 13 से 17 नवंबर तक नई दिल्ली के भगवान दास रोड स्थित वीके कृष्णा मेनन भवन में अपनी मांगों को लेकर धरना दिया जाएगा। इसमें 18 राज्यों के पूर्व अर्धसैनिक कल्याण संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की बात कही गई है।
एसोसिएशन के महासचिव रणबीर सिंह के अनुसार, संगठन पुरानी पेंशन व्यवस्था की बहाली, सीएपीएफ अधिकारियों की पदोन्नति से जुड़े मुद्दों और अर्धसैनिक कर्मियों के कल्याण के लिए बोर्ड के गठन जैसी मांगें उठा रहा है। संगठन का आरोप है कि लंबे समय से इन मांगों पर केंद्र सरकार का ध्यान नहीं गया है। अब वैकल्पिक स्थानों पर प्रस्तावित कार्यक्रम के जरिए पूर्व अर्धसैनिक कर्मी अपनी मांगें सरकार तक पहुंचाने की कोशिश करेंगे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)