अंकिता भंडारी हत्याकांड: पूर्व विधायक सुरेश राठौर का आज गांधीनगर में नार्को टेस्ट, बोले- सीबीआई जांच में करूंगा पूरा सहयोग
देहरादून। उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े दावों की जांच के बीच पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर का नार्को टेस्ट कराया जा रहा है। सीबीआई ने उन्हें 24 नवंबर को गुजरात के गांधीनगर में उपस्थित होने के लिए नोटिस दिया था। राठौर सोमवार को ही गांधीनगर के लिए रवाना हो गए। उन्होंने कहा कि वह अंकिता को न्याय दिलाने और मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए जांच एजेंसी को पूरा सहयोग करेंगे।
दरअसल, अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े कुछ ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने कथित तौर पर इन ऑडियो को सुरेश राठौर के साथ हुई बातचीत का बताया था। इनमें एक प्रभावशाली व्यक्ति यानी वीआईपी की कथित भूमिका को लेकर दावे किए गए थे। इसके बाद मामले ने उत्तराखंड में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तूल पकड़ लिया।
विवाद बढ़ने और अंकिता के माता-पिता की मांग के बाद उत्तराखंड सरकार ने मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। सीबीआई ने कथित वीआईपी की भूमिका से जुड़े पहलुओं की जांच शुरू की। एजेंसी की टीम हरिद्वार पहुंचकर सुरेश राठौर से पूछताछ कर चुकी है। वहीं, अभिनेत्री उर्मिला सनावर के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
राठौर ने गांधीनगर रवाना होने से पहले कहा कि उन्हें सीबीआई का नोटिस मिल चुका है और जांच प्रक्रिया में सहयोग करने से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है। उन्होंने कहा कि अंकिता उनके लिए बेटी समान थी और वह चाहते हैं कि मामले की सच्चाई सामने आए तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई हो।
गौरतलब है कि अंकिता भंडारी ऋषिकेश के पास वनंतरा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं। सितंबर 2022 में उनकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले में रिजॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों को अदालत ने मई 2025 में आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। अब सीबीआई की जांच में वायरल ऑडियो और उनसे जुड़े कथित दावों की भी पड़ताल की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)