कोटद्वार में भीषण सड़क हादसा: खाई में गिरी ईको कार, छह महिलाओं समेत सात की मौत; पांच घायल
उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के कोटद्वार क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल ब्लॉक में कलवाड़ी बैंड के पास यात्रियों से भरी ईको कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में छह महिलाओं समेत सात लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य घायल हो गए। मृतकों में वाहन चालक भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार, वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। इनमें रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण क्षेत्र के स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं भी शामिल थीं। ये महिलाएं बैंक और बैणी-भुली योजना से संबंधित काम निपटाने के बाद अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी के पास चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एयरलिफ्ट करने के निर्देश भी दिए गए।
लैंसडौन की उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य सहित प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)