झारखंड में भीषण सड़क हादसा: रांची-पटना हाईवे पर 13 की मौत, चार बच्चे और चार महिलाएं शामिल; पीएम ने मुआवजे का किया एलान
झारखंड के रामगढ़ जिले में रांची-पटना हाईवे (एनएच-33) पर रविवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। बिहार के नालंदा जिले से आ रही स्कॉर्पियो की एक भारी वाहन से टक्कर हो गई। हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति घायल हो गया। मृतकों में चार बच्चे, चार महिलाएं और पांच पुरुष शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना रात करीब दो बजे कुजू क्षेत्र के पैंकी गांव के पास हुई। स्कॉर्पियो में कुल 14 लोग सवार थे। सभी बिहार के नालंदा जिले के जंगहारो गांव के निवासी थे और रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए जा रहे थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
**टक्कर के बाद भारी वाहन चालक फरार**
हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य में मदद की। घायल व्यक्ति को रामगढ़ सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद भारी वाहन मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश की जा रही है। दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।
**प्रधानमंत्री ने सहायता राशि का किया एलान**
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से प्रत्येक मृतक के निकटतम परिजन को दो लाख रुपये और घायल व्यक्ति को 50 हजार रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है।
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है। दोनों ने शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)