विकसित भारत@2047: शशि थरूर बोले- आर्थिक तरक्की के साथ नैतिक मूल्य और समावेशी विकास भी जरूरी

Sunday, November 29, 2026 - 15:12
0
विकसित भारत@2047: शशि थरूर बोले- आर्थिक तरक्की के साथ नैतिक मूल्य और समावेशी विकास भी जरूरी

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा है कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनने का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा हासिल करने तक सीमित नहीं होना चाहिए। देश की प्रगति उन नैतिक मूल्यों पर भी आधारित होनी चाहिए, जिनके जरिए संपत्ति अर्जित की जाती है और उसका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचता है। उन्होंने व्यावसायिक नैतिकता, सामाजिक जिम्मेदारी और समान अवसरों को भारत के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।

थरूर झारखंड के जमशेदपुर में एक्सएलआरआई-स्कूल ऑफ मैनेजमेंट की ओर से आयोजित 34वें जेआरडी टाटा व्याख्यान में शामिल हुए। कार्यक्रम की थीम 'इंडिया@2047' थी। जेआरडी टाटा के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता तभी सार्थक है, जब उसे निष्पक्ष और ईमानदार तरीकों से हासिल किया जाए और उसका लाभ देश तथा आम लोगों के हित में हो।

**शिक्षा, रोजगार और अवसरों पर जोर**

थरूर ने कहा कि टिकाऊ आर्थिक विकास के लिए कारोबार में विश्वास, निष्पक्षता और जवाबदेही जरूरी है। नैतिक जिम्मेदारी केवल कानूनों का पालन करने या सामाजिक कार्यों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि इसमें कर्मचारियों के साथ व्यवहार और सभी हितधारकों के सम्मान को भी शामिल किया जाना चाहिए।

उन्होंने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और उद्यमिता के अवसर बढ़ाने की जरूरत बताई। खासतौर पर महिलाओं और उन समुदायों तक अवसर पहुंचाने पर जोर दिया, जिन्हें अब तक सीमित मौके मिले हैं।

**एआई के जिम्मेदार इस्तेमाल की जरूरत**

तकनीकी बदलावों पर बात करते हुए थरूर ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जिम्मेदार इस्तेमाल, कर्मचारियों के कौशल विकास, स्वदेशी नवाचार और डिजिटल क्षमताओं को मजबूत करने की बात कही। उन्होंने कहा कि तकनीकी और आर्थिक प्रगति ऐसी होनी चाहिए, जिसमें सामाजिक समावेश और पर्यावरणीय स्थिरता का भी ध्यान रखा जाए।

**परिसीमन पर एससी-एसटी आरक्षित सीटों को लेकर प्रतिक्रिया**

परिसीमन विधेयक के संभावित प्रभावों और एससी-एसटी आरक्षित सीटों की संख्या को लेकर पूछे गए सवाल पर थरूर ने कहा कि सीटों की संख्या में बदलाव होने पर इन वर्गों के लिए आरक्षित सीटों की संख्या भी स्वाभाविक रूप से बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण पहले ही पारित हो चुका है, जबकि एससी और एसटी के लिए आरक्षण संविधान में पहले से मौजूद है। ऐसे में परिसीमन के बाद आंकड़ों में बदलाव के साथ आरक्षित सीटों की संख्या में भी परिवर्तन हो सकता है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0
RNI News

Reportage News International (RNI) is India's growing news website which is an digital platform to news, ideas and content based article. Destination where you can catch latest happenings from all over the globe Enhancing the strength of journalism independent and unbiased.

Comments (0)

User