राष्ट्रीय एकता दिवस पर सीएम योगी का संदेश, 'रन फॉर यूनिटी' में शामिल होने की अपील
लखनऊ। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने जिस राष्ट्रीय एकात्मता और देश की अखंडता के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित किया, उसे बनाए रखना प्रत्येक भारतीय का कर्तव्य है।
मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को आधुनिक भारत का शिल्पकार बताते हुए कहा कि उनका जीवन इस बात का संदेश देता है कि किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति उसकी एकता में निहित होती है। उन्होंने कहा कि एकता का वास्तविक सामर्थ्य 'राष्ट्र प्रथम' की भावना से आता है और सरदार पटेल का जीवन प्रत्येक नागरिक को 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के संकल्प को साकार करने की प्रेरणा देता है।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय तुष्टीकरण, जातिवाद और परिवारवाद की राजनीति ने समाज को बांटने का काम किया, जिससे राष्ट्रीय एकात्मता और सामाजिक समरसता प्रभावित हुई। योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार ने 'राष्ट्र प्रथम' और 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास' के मंत्र को सुशासन का आधार बनाया है। उनके अनुसार, इससे सामाजिक समरसता को मजबूत करने का प्रयास किया गया है।
सीएम योगी ने राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित होने वाली 'रन फॉर यूनिटी' को जनभागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर बताया। उन्होंने प्रदेशवासियों से इस एकता दौड़ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि दौड़ में उठाया गया हर कदम देश की अखंडता के प्रति समर्पण और 'राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम' के संकल्प का प्रतीक होना चाहिए।
गौरतलब है कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती 31 अक्टूबर को देशभर में राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर एकता दौड़, शपथ ग्रहण और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)