चक्रवात अर्नब से आंध्र-ओडिशा में भारी तबाही, प्रियंका गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से की मदद की अपील
नई दिल्ली। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से आंध्र प्रदेश और ओडिशा में भारी बारिश और बाढ़ ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। कई गांवों में पानी भरने से लोग फंस गए हैं, जबकि खेतों में खड़ी फसलों को भी नुकसान पहुंचा है। इस बीच कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना जताते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं से राहत और बचाव कार्यों में सहयोग करने की अपील की है।
प्रियंका गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि उनकी संवेदनाएं आंध्र प्रदेश के उन लोगों के साथ हैं, जो चक्रवात से हुई तबाही का सामना कर रहे हैं। उन्होंने ओडिशा में भारी बारिश और बाढ़ से प्रभावित लोगों की सुरक्षा की कामना करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं से जरूरतमंद परिवारों तक हर संभव मदद पहुंचाने और राहत कार्यों में सहयोग करने का आग्रह किया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी प्रभावित राज्यों के हालात पर चिंता जताई। उन्होंने आंध्र प्रदेश में चक्रवात से हुई तबाही और ओडिशा में भारी बारिश व बाढ़ से प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। राहुल गांधी ने केंद्र और राज्य सरकारों से प्रभावित परिवारों को जल्द राहत और पुनर्वास सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी स्थिति का जायजा लेते हुए आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी, ओडिशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्रियों से बातचीत की। उन्होंने प्रभावित राज्यों को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया। शाह के मुताबिक, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमें राहत एवं बचाव कार्यों में जुटी हैं। नुकसान का आकलन करने के लिए अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय दल भी भेजे जाने की तैयारी है।
ओडिशा के गंजाम और गजपति जिलों में लगातार बारिश के कारण कई गांव बाढ़ से घिर गए हैं। कुछ इलाकों में दो हजार से अधिक लोग फंसे बताए गए हैं। प्रशासन नावों के जरिए लोगों को सुरक्षित निकालने का प्रयास कर रहा है। वहीं, आंध्र प्रदेश में चक्रवात के कारण घरों, सड़कों, बिजली व्यवस्था और कृषि क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है। राज्य सरकार ने शुरुआती तौर पर करीब 4,600 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान जताया है, जबकि विस्तृत आकलन के बाद यह आंकड़ा बढ़ सकता है।
चक्रवात के बाद लगातार बारिश का असर रेल यातायात पर भी पड़ा है। ओडिशा में जलभराव और रेलवे पुल के आसपास पानी बढ़ने के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द और कई के मार्ग में बदलाव करना पड़ा है। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री पहुंचाने और फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुटा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)